पवित्र शास्त्र महामारी के बारे में क्या बताता है?
शास्त्र से जवाब
शास्त्र में पहले से बताया गया है कि आखिरी दिनों में महामारियाँ फैलेंगी। (लूका 21:11) लेकिन क्या ये महामारियाँ ईश्वर की तरफ से हैं? कुछ लोग सोचते हैं कि ईश्वर सज़ा देने के लिए लोगों को बीमारी से तड़पाता है। लेकिन ऐसा बिलकुल भी नहीं है! सच तो यह है कि बहुत जल्द ईश्वर अपने राज के ज़रिए सभी बीमारियाँ और महामारियाँ जड़ से खत्म कर देगा।
क्या बाइबल में महामारियों के बारे में पहले से बताया गया है?
बाइबल किसी खास महामारी या बीमारी का नाम नहीं बताती, जैसे कोविड-19, एड्स, या फिर स्पैनिश फ्लू। लेकिन यह ज़रूर बताती है कि “महामारियाँ” और “जानलेवा बीमारियाँ फैलेंगी।” (लूका 21:11; प्रकाशितवाक्य 6:8) जब ये घटनाएँ होंगी तो वह वक्त “आखिरी दिनों” या “दुनिया की व्यवस्था के आखिरी वक्त की” निशानी होगी।—2 तीमुथियुस 3:1; मत्ती 24:3.
क्या परमेश्वर ने बीमार करके किसी को सज़ा दी है?
बाइबल बताती है कि परमेश्वर ने कुछ मौकों पर लोगों को बीमार करके सज़ा दी। मिसाल के लिए कुछ लोगों को कोढ़ की बीमारी हो गयी। (गिनती 12:1-16; 2 राजा 5:20-27; 2 इतिहास 26:16-21) इन मौकों पर परमेश्वर ने मासूम और बेकसूर लोगों को कुछ नहीं किया। उसने सिर्फ उन लोगों को सज़ा दी, जिन्होंने उसके खिलाफ काम किए थे। इस तरह परमेश्वर ने उनका न्याय किया।
क्या आज फैली महामारियाँ परमेश्वर की तरफ से सज़ा हैं?
नहीं। कुछ लोग दावा करते हैं कि आज भी परमेश्वर महामारी या दूसरी बीमारियों से लोगों को सज़ा देता है। लेकिन बाइबल में ऐसा कुछ नहीं बताया गया है। क्यों?
देखा जाए, तो पुराने ज़माने में भी और आज भी परमेश्वर के लोग बीमार होते हैं। जैसे, परमेश्वर का एक वफादार सेवक तीमुथियुस ‘बार-बार बीमार’ हुआ। (1 तीमुथियुस 5:23) लेकिन बाइबल यह नहीं बताती कि परमेश्वर उससे नाराज़ था, इसलिए वह बीमार हुआ। उसी तरह आज परमेश्वर के वफादार सेवक भी बीमार होते हैं या कुछ को जानलेवा बीमारी हो जाती है। ऐसा अकसर इसलिए होता है, क्योंकि लोग गलत समय पर गलत जगह होते हैं।—सभोपदेशक 9:11
बाइबल सिखाती है कि अब तक वह दिन नहीं आया है जब परमेश्वर दुष्टों को सज़ा देगा। बल्कि आज हम “उद्धार के दिन” में जी रहे हैं। इसका मतलब है परमेश्वर आज सभी लोगों को एक प्यार-भरा न्यौता दे रहा है। वह चाहता है कि लोग उसके बारे में जानें ताकि वे अपनी जान बचा सकें। (2 कुरिंथियों 6:2) वह कैसे यह न्यौता दे रहा है? प्रचार काम के ज़रिए। आज परमेश्वर के ‘राज की खुशखबरी’ का संदेश पूरी दुनिया में सुनाया जा रहा है।—मत्ती 24:14
क्या ये महामारियाँ कभी खत्म होंगी?
हाँ, ज़रूर। बाइबल बताती है कि वह समय बहुत करीब है जब कोई बीमार नहीं होगा। जब परमेश्वर का राज इस धरती पर शासन करेगा, तब सेहत से जुड़ी सारी समस्याएँ खत्म हो जाएँगी। (यशायाह 33:24; 35:5, 6) उसके राज में न मौत रहेगी, न दर्द, न ही कोई तकलीफ! (प्रकाशितवाक्य 21:4) यहाँ तक कि जिनकी मौत हो चुकी है, उन्हें ज़िंदा किया जाएगा। इस धरती पर सभी लोगों की सेहत अच्छी होगी और वे खुश रहेंगे।—भजन 37:29; प्रेषितों 24:15.
बीमारियों के बारे में बाइबल के हवाले
मत्ती 4:23: ‘यीशु पूरे गलील का दौरा करता हुआ, उनके सभा-घरों में सिखाता और राज की खुशखबरी का प्रचार करता रहा। वह लोगों की हर तरह की बीमारी और शरीर की कमज़ोरी दूर करता रहा।’
मतलब: यीशु ने धरती पर रहते वक्त जो चमत्कार किए वह बस एक झलक थी। इससे पता चलता है कि बहुत जल्द वह अपने राज में सभी इंसानों के लिए क्या करेगा।
लूका 21:11: “महामारियाँ फैलेंगी।”
मतलब: आखिरी दिनों की निशानियों में यह भी शामिल है कि पूरी दुनिया में महामारियाँ फैलेंगी।
प्रकाशितवाक्य 6:8: ‘देखो, एक हलके पीले रंग का घोड़ा और उसके सवार का नाम था मौत। और कब्र उसके बिलकुल पीछे-पीछे चली आ रही थी। और उन्हें अधिकार दिया गया कि वे जानलेवा महामारी से लोगों को मार डालें।’
मतलब: बाइबल की प्रकाशितवाक्य की किताब में चार घुड़सवारों के बारे में भविष्यवाणी दी गयी है। यह भविष्यवाणी दर्शाती है कि हमारे समय में महामारियाँ फैलेंगी।